summer express , कपूरथला। सुल्तानपुर लोधी रोड पर गांव ढुडियांवाल मोड़ के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद थाना सदर कपूरथला पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरपाल सिंह उर्फ पाला के रूप में हुई है, जबकि आरोपित चालक की पहचान गांव जहांगीरपुर निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अंजला बनवाली निवासी प्रितपाल सिंह उर्फ लाडी ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसकी बेटी गुरलीन कौर आरसीएफ के बैड़ा काम्प्लेक्स में नेल आर्ट की दुकान चलाती है। सात सितंबर को वह अपनी बेटी को लेने के लिए आरसीएफ जा रहा था। इसी दौरान उसका भाई हरपाल सिंह भी अपने निजी काम से सुल्तानपुर लोधी की ओर जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, दोनों भाई अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर एक साथ घर से निकले थे। हरपाल सिंह डिस्कवर मोटरसाइकिल नंबर पीबी09-पी-9257 पर आगे चल रहा था, जबकि प्रितपाल सिंह उसके पीछे था। शाम करीब 5:15 बजे जब वे गांव ढुडियांवाल मोड़ स्थित अंडरब्रिज के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही सफेद रंग की स्कोडा कार नंबर पीबी08-सीआर-9090 ने हरपाल की बाइक को टक्कर मार दी।
प्रितपाल सिंह का आरोप है कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। उसने बिना हार्न बजाए और बिना कोई संकेत दिए अचानक गलत दिशा से सुल्तानपुर लोधी रोड से गांव ढुडियांवाल की ओर मोड़ काट दिया, जिससे कार सीधे हरपाल की मोटरसाइकिल से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना सदर कपूरथला पुलिस ने कार चालक संदीप सिंह के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।