{अंडर-14 से अंडर-21 आयु वर्ग के पात्र खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन, नियमित अभ्यास करने वालों पर फोकस
एजेंसी। नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पात्र युवा खिलाड़ियों को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सहायता अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-21 आयु वर्ग के उन खिलाड़ियों को दी जाएगी, जो दिल्ली सरकार के खेल केंद्रों और स्टेडियमों में नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर आर्थिक सहारा देकर नियमित अभ्यास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार के अनुसार, छोटी उम्र में प्रशिक्षण, खेल सामग्री, पोषण और आने-जाने जैसी जरूरतों पर होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए चुनौती बनता है। मासिक सहायता से खिलाड़ियों को इन जरूरतों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
{प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर: मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की युवा खेल प्रतिभाओं को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार सहयोग दिया जाएगा। सरकार पहले भी खेल प्रशिक्षण और संसाधनों के लिए मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत राशि जारी कर चुकी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और संसाधनों के लिए 50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
{जमीनी स्तर पर प्रतिभा तलाशने की कोशिश: नई मासिक सहायता योजना को दिल्ली में खेल प्रतिभाओं की शुरुआती पहचान और उन्हें लंबे समय तक प्रशिक्षण से जोड़े रखने की दिशा में कदम माना जा रहा है। सरकार का जोर ऐसे खिलाड़ियों को अवसर देने पर है, जिनमें क्षमता तो है, लेकिन आर्थिक कारणों से प्रशिक्षण जारी रखना कठिन होता है।