summer express ,अमृतसर। पंजाब में बारिश की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कम होने लगी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के जिलावार पूर्वानुमान के अनुसार 18 और 19 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की और बिखरी बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 सितंबर से पंजाब के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है।
पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 24 घंटे में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। इसके बाद तापमान सामान्य के आसपास पहुंच गया है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। कुछ दिन पहले तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अब घटकर 34 डिग्री के आसपास रह गया है।
18 सितंबर को पंजाब के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर, फरीदकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मोगा, बरनाला, मानसा और संगरूर में छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और शहीद भगत सिंह नगर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
19 सितंबर को बारिश का दायरा और सीमित हो जाएगा। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और रूपनगर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के मध्य और पूर्वी हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, संगरूर और एसएएस नगर समेत अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 सितंबर को पंजाब के सभी 23 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है। 19 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में लगभग पूरी तरह विराम आने के साथ धूप का प्रभाव बढ़ सकता है।
17 सितंबर को मोहाली स्थित मौसम केंद्र में राज्य का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। अमृतसर में 30.8, लुधियाना में 32.4, पटियाला में 33.3, पठानकोट में 32.4, फरीदकोट में 31.5 और कपूरथला में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फरीदकोट में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।
इस दौरान सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। केवल सलेरन, होशियारपुर और भाखड़ा बांध-नंगल, रूपनगर में 0.5-0.5 मिलीमीटर हल्की बारिश दर्ज की गई। तापमान में गिरावट और बारिश की गतिविधियों में कमी के बीच फिलहाल पंजाब में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा बना हुआ है।