Summer express/मंडी, धर्मवीर-: लंबे समय से प्रस्तावित डडौर और नागचला फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दोनों स्थानों पर फ्लाईओवर कम अंडरपास के निर्माण के लिए करीब 27 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। निर्माण कार्य का जिम्मा एक ही निजी कंपनी को दिया गया है। कंपनी को टेंडर मिलने के तीन महीने के भीतर काम शुरू करना होगा और करीब डेढ़ वर्ष में परियोजना पूरी करनी होगी।मंडी जिले में फोरलेन पर डडौर, नागचला और झीड़ी को लंबे समय से दुर्घटना संभावित स्थानों के तौर पर चिन्हित किया गया था। इन स्थानों पर यातायात के दबाव और सड़क पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोग लगातार सुरक्षित यातायात व्यवस्था की मांग कर रहे थे। इसी के मद्देनजर एनएचएआई ने इन स्थानों पर फ्लाईओवर कम अंडरपास बनाने की योजना तैयार की।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी के अनुसार, डडौर में फोरलेन की दोनों लेनों को फ्लाईओवर के जरिए ऊपर उठाया जाएगा, जबकि नीचे अंडरपास की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं, नागचला में बिलासपुर से मंडी की ओर आने वाली सड़क पर ही फ्लाईओवर कम अंडरपास बनाया जाएगा। दूसरी लेन को फिलहाल यथास्थिति में रखा जाएगा।डडौर में लंबे समय से फ्लाईओवर की मांग प्रमुखता से उठती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां यातायात का दबाव अधिक होने के कारण सड़क पार करने और वाहनों के आवागमन के दौरान हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रस्तावित निर्माण से यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
झीड़ी में भी दोबारा शुरू होगा निर्माण
उधर, झीड़ी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर कम अंडरपास का कार्य भी अब दोबारा शुरू किया जा रहा है। झीड़ी में मंडी से कुल्लू की ओर जाने वाली एक लेन पर फ्लाईओवर कम अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। इसके स्वरूप को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई थी और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। कोर्ट के आदेशों के बाद अब निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।एनएचएआई के अनुसार झीड़ी परियोजना पर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि काम दोबारा शुरू होने के बाद इसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।