लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
जस्सियां रोड के पास जुही एन्क्लेव में शुक्रवार को नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। जोन-ए की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर बनाए जा रहे तीन अवैध कमर्शियल निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, उक्त निर्माणों के लिए निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। निर्माणकर्ता द्वारा बिना नियमों के कमर्शियल इमारतें तैयार की जा रही थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों निर्माणों को गिरा दिया। नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार के निर्देशों पर शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिल्डिंग ब्रांच की ओर से ऐसे निर्माणों की निगरानी कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी तरह का निर्माण शुरू करने से पहले नगर निगम से बिल्डिंग प्लान मंजूर करवाया जाए। बिना मंजूरी या बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर किए जाने वाले निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।