summer express ,अंकुर कपूर, अंबाला। दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहीदी स्मारक के पास सुबह बड़ा हादसा होने से टल गया। हाईवे पर छात्रों को चढ़ाने के लिए खड़ी CGC यूनिवर्सिटी मोहाली की बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक के पीछे चल रहा टेंपो ट्रैवलर भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया। हादसे के समय कॉलेज बस में करीब 35 छात्र सवार थे। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी छात्र या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कॉलेज बस दिल्ली-अंबाला हाईवे पर शहीदी स्मारक के सामने सड़क पर ही रुककर छात्रों को बस में चढ़ा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की बस से टक्कर हो गई। ट्रक के पीछे चल रहे टेंपो चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया।
टेंपो चालक ने हादसे के लिए कॉलेज बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। उसका कहना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस को सड़क के बीच रोककर छात्रों को चढ़ाया जा रहा था, जिसके कारण पीछे से आ रहे वाहनों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े और टक्कर हो गई।
वहीं कॉलेज बस चालक ने बताया कि वह शाहाबाद से छात्रों को लेकर मोहाली जा रहा था। अंबाला में छात्रों को बस में चढ़ाने के लिए वह रुका था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। बस में 35 छात्र सवार थे और हादसे के बाद सभी सुरक्षित रहे।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। डायल 112 इंचार्ज के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हाईवे पर बस रोककर छात्रों को चढ़ाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।