summer express , आरविंदर सिंह , हमीरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता युवा मोर्चा की हमीरपुर जिला इकाई ने गांधी चौक पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर में हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की गई। विधायक आशीष शर्मा ने भी शिविर में रक्तदान किया और युवाओं से जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पार्टी की ओर से पूरे देश में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जा रही है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकती है। स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि रक्तदान को महादान माना जाता है और इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास के क्षेत्र में प्रगति की है और भारत की वैश्विक स्तर पर स्थिति मजबूत हुई है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर हमीरपुर में भी सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।