summer express , विकास शर्मा, चिंतपूर्णी। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी के बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े प्रसाद की दुकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने का मामला सामने आया। बाइक चोरी करने के बाद पंजाब के दो युवक उसे लेकर भरवाईं की ओर फरार हो गए। दुकानदार को घटना का पता चला तो उसने अपने रिश्तेदारों और स्थानीय युवाओं के साथ मिलकर आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।
भरवाईं से आगे स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को बाइक पर जाते हुए देख लिया। इसके बाद उनका पीछा लगातार जारी रखा गया। खुद को घिरता देख दोनों युवक किन्नू के पास बाइक को सड़क पर छोड़कर पैदल फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद चिंतपूर्णी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी सचित कालिया की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश की और करीब तीन से चार घंटे के भीतर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।