सोनीपत/रमेश कुमार-:कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी आज छह घंटे की पैरोल पर अपने पैतृक गांव जठेड़ी पहुंचा। सोनीपत के राई क्षेत्र स्थित गांव में उसके पहुंचने पर ढोल बजाकर स्वागत किया गया। सुरक्षा कारणों के चलते मीडिया की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।संदीप उर्फ काला जठेड़ी अपनी जुड़वा बेटियों के नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज अपने पैतृक गांव पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, उसकी पत्नी अनुराधा ने करीब तीन महीने पहले जुड़वा बेटियों को जन्म दिया था। दोनों बेटियों के नामकरण को लेकर परिवार की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
काला जठेड़ी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक की पैरोल मिली है। इसी अवधि के दौरान वह परिवार के साथ नामकरण कार्यक्रम में शामिल होगा। घर को फूलों और सजावटी सामान से सजाया गया है और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम शुरू किया गया।काला जठेड़ी के गांव पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। उसके घर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गांव में आने-जाने वाले लोगों पर भी निगरानी रखी जा रही है।कार्यक्रम के दौरान मीडिया की मौजूदगी पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। छह घंटे की पैरोल पूरी होने के बाद काला जठेड़ी को निर्धारित समय के अनुसार वापस लौटना होगा।