Summer express/गुरुग्राम,अनुज पंचाल -:गुरुग्राम में अनैतिक देह व्यापार और कथित मानव तस्करी के खिलाफ हरियाणा महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। सेक्टर-38 स्थित प्लॉट नंबर 27 के एक PG में पुलिस और महिला आयोग की टीम ने छापेमारी कर 8 युवतियों और 13 युवकों को मौके से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान झाड़सा निवासी साहिल और उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित नेटवर्क को वेबसाइट, WhatsApp चैट और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों से संपर्क करने के बाद उन्हें अलग-अलग PG, गेस्ट हाउस और अन्य ठिकानों पर बुलाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
छापेमारी के दौरान एक विदेशी महिला को भी डिटेन किया गया। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें, कथित नशीले पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा PG/होटल का DVR भी कब्जे में लिया गया है, जिसकी मदद से वहां आने-जाने वाले लोगों और गतिविधियों की जांच की जा रही है।अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में की गई कार्रवाई में करीब 33 युवक और 38 युवतियों को डिटेन किया गया है। इनमें नाबालिग और विदेशी युवतियां भी शामिल होने की जानकारी पुलिस ने दी है। नाबालिग से जुड़े मामले में नियमानुसार संवेदनशील तरीके से कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का इनपुट पहले स्पा सेंटरों पर हुई कार्रवाई के दौरान रेस्क्यू की गई महिलाओं से पूछताछ में मिला था। इसके बाद सेक्टर-38 स्थित PG की जानकारी सामने आने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।मामले में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (ITPA) और Foreigners Act की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, ठिकानों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।