Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल, हमीरपुर के परिसर में तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
बाल विज्ञान सम्मेलन में हमीरपुर ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान विद्यार्थी अपने तैयार किए गए विज्ञान मॉडल प्रदर्शित करेंगे। सुनील शर्मा ने विज्ञान प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से उनके मॉडल के बारे में जानकारी भी ली।इस अवसर पर सुनील शर्मा ने कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस तरह के विज्ञान सम्मेलनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जयराम ठाकुर के बयान पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हमीरपुर के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को हमीरपुर का दौरा कर यहां हो रहे विकास कार्यों को देखना चाहिए।
सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे को लेकर सवाल उठाने के बजाय भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में हमीरपुर के लिए कितने विकास कार्य करवाए गए।
विकास कार्यों को लेकर भाजपा नेताओं के आरोपों पर पलटवार
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बयान पर सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता लगातार बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि प्रदेश में विकास कार्य जारी हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है और पीईटी स्कैन मशीनें स्थापित की गई हैं। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के लिए सरकार को किसी से प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है।