summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि सरकार के पास दिए जलाने के लिए पैसा है, लेकिन छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने के लिए क्यों नहीं है।
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी और उनका परिवार भारतीय संस्कृति को नहीं जानते। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को एकत्रित कर उन्हें गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। विज ने कहा कि आज का युवा काफी समझदार है और वह सब कुछ समझता है।
अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी को लगता है कि युवाओं को अपने साथ जोड़ने से उनका राजनीतिक कद बढ़ जाएगा, लेकिन लोकतंत्र में राजनीतिक कद का निर्धारण वोट से होता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को हराकर एबीवीपी ने इसका जवाब दिया है। इसी तरह पंजाब यूनिवर्सिटी में भी एबीवीपी की जीत को उन्होंने कांग्रेस के लिए जनता और युवाओं का जवाब बताया।
विज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को यह गलतफहमी है कि लोगों की भीड़ जुटने का मतलब उनका समर्थन मिलना है। उन्होंने कहा कि लोग किसी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि वे राजनीतिक तौर पर भी साथ दें। विज ने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई भी डूबते जहाज पर सवार नहीं होना चाहता और कांग्रेस का जहाज डूब रहा है।
विज ने कहा कि युवाओं की सोच को कमतर आंकना कांग्रेस की बड़ी भूल है। उन्होंने दावा किया कि चुनावी नतीजे इस बात का संकेत देते हैं कि युवा अपने राजनीतिक फैसले खुद ले रहे हैं।