summer express , पानीपत। पानीपत में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सोमवार को सुबह धूप खिलने से गर्मी का असर महसूस हुआ, जबकि शाम के समय चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।
सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की गति करीब आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही और वातावरण में नमी 43 प्रतिशत दर्ज की गई। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा, जबकि सुबह और शाम मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक जिले में मौसम परिवर्तनशील और मुख्य रूप से खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, बीच-बीच में आसमान पर हल्के बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों में वातावरण में नमी कम होने के साथ सुबह और शाम ठंडक बढ़ सकती है। दिन और रात के तापमान में भी अंतर बढ़ने की संभावना है। इससे मौसम में धीरे-धीरे सर्दी का असर बढ़ने लगेगा।
वहीं, इस बार मानसून सीजन में जिले में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वर्षा का आंकड़ा भी अलग रहा। मतलौडा और इसराना क्षेत्र में सबसे कम बारिश दर्ज की गई। कम वर्षा का असर किसानों और आमजन पर भी देखने को मिला है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सोमवार को पानीपत का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 109 दर्ज किया गया।