summer express ,हिसार। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने रात मॉडल टाउन स्थित शीशमहल वाली गली में दो होटलों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। पुलिस ने होटल राज और होटल 999 में कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ और नियमानुसार कार्रवाई के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
डीएसपी महिला सुरक्षा प्रिया शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने होटल की आड़ में बाहर से महिलाओं को बुलाकर कथित रूप से देह व्यापार कराने के मामले में दोनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार किया है। होटल 999 के मैनेजर हांसी जिले के कोथ कलां निवासी कुलदीप और होटल राज के मैनेजर कैथल निवासी अंकुश को पुलिस ने काबू किया।
डीएसपी प्रिया शर्मा के अनुसार, पुलिस को होटलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने पहले बोगस ग्राहक बनाकर होटल में भेजा। इशारा मिलते ही पुलिस ने होटल 999 में दबिश दी। वहां कमरा नंबर 205 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। महिला के पास मौजूद मेकअप किट की तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामान बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। सामान को कब्जे में लेकर साक्ष्य के तौर पर सील कर दिया गया।
इसके बाद बोगस ग्राहक के संकेत पर पुलिस टीम ने होटल राज में भी छापेमारी की। यहां कमरा नंबर 112 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। पुलिस ने दोनों होटलों से कुल 1,000 रुपये और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद कर उन्हें साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों होटल मैनेजर कथित तौर पर पैसे कमाने के उद्देश्य से बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार की गतिविधियां संचालित करवा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।