Summer express ,डबवाली। उपमंडल के गांव मांगेआना में श्मशान भूमि और व्यायामशाला परिसर से हरे पेड़ों की कटाई के मामले में पुलिस ने ग्राम पंचायत की सरपंच सुदेश रानी और सरपंच प्रतिनिधि दयानंद शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई डीएसपी कालांवाली की जांच रिपोर्ट और वन विभाग की जांच के आधार पर की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव मांगेआना निवासी प्रीतपाल सिंह ने वन विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि गांव की श्मशान भूमि और व्यायामशाला परिसर में लगे करीब 70 से 75 हरे पेड़ों को काटकर बेच दिया गया। शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभागों ने मौके का निरीक्षण कराया और पेड़ों की कटाई से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान बीडीपीओ डबवाली और वन मंडल अधिकारी सिरसा की टीमों ने मौके का निरीक्षण किया। रिपोर्ट के अनुसार, श्मशान भूमि और व्यायामशाला परिसर में सड़क तथा ट्रैक निर्माण के दौरान करीब 75 छोटे-बड़े पेड़ काटे गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि व्यायामशाला परिसर में खिलाड़ियों की ओर से लगाए गए कुछ पौधों को भी नुकसान पहुंचा है।
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि पेड़ों की कटाई से पहले वन विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा काटे गए पेड़ों का विभागीय स्तर पर मूल्यांकन भी नहीं कराया गया था। जांच में इन पेड़ों की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले की जांच डीएसपी कालांवाली के स्तर पर भी की गई। जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर डबवाली सदर थाना पुलिस ने सरपंच सुदेश रानी और सरपंच प्रतिनिधि दयानंद शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि डीएसपी कालांवाली की जांच रिपोर्ट के आधार पर BNS की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले से संबंधित दस्तावेजों, पेड़ों की कटाई, वन विभाग की अनुमति और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले उपमंडल के गांव कालुआना में जलघर परिसर से करीब 31 हरे पेड़ों की कटाई का मामला भी चर्चा में रहा था। इस मामले को प्रशासनिक स्तर पर उठाने के साथ ग्रीवेंस मीटिंग में भी रखा गया था। मांगेआना में पेड़ कटाई का ताजा मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच के दायरे में है।