नई दिल्ली |भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 18 दिन बिताने के बाद सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके इस ऐतिहासिक मिशन पर गर्व जताते हुए कहा कि उनका साहस और समर्पण करोड़ों भारतीयों को प्रेरणा देता है।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय बने हैं, यह मिशन गगनयान के लिए एक और मील का पत्थर है।”
शुक्ला, अमेरिका की एक्सिओम स्पेस के ‘Axiom-4’ मिशन के तहत अंतरिक्ष गए थे। उनके साथ तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री भी थे। मंगलवार को सभी यात्री ड्रैगन ‘ग्रेस’ अंतरिक्ष यान के जरिए कैलिफोर्निया के तट के पास समुद्र में सुरक्षित उतरे।