summer express , अमृतसर। अमृतसर देहात पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार तड़के मत्तेवाल इलाके में मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में गुरदासपुर में ग्रेनेड हमला करने के आरोपी हरमनजीत सिंह उर्फ हरमन पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान गांव बोपाराय निवासी हरमनजीत सिंह उर्फ हरमन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। उपचार के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, हरमनजीत सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। मत्तेवाल के पास पुलिस नाके पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने बाइक लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो हरमनजीत ने पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। इसी दौरान उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हरमनजीत के खिलाफ अमृतसर और गुरदासपुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, इसी साल उसने गुरदासपुर में एक दुकान पर ग्रेनेड फेंका था। इस मामले में उसे मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
इसके अलावा हरमनजीत के खिलाफ वर्ष 2024 में थाना मेहता में मोबाइल लूट का मामला दर्ज हुआ था। इसी साल मत्तेवाल इलाके में एक व्यक्ति पर गोली चलाने के आरोप में भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।