summer express , जालंधर। जालंधर के न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह नगर स्थित माता गुजरी खालसा मॉडर्न स्कूल में बच्चे के अपहरण की कोशिश से जुड़ी सोशल मीडिया पर वायरल खबर को पुलिस ने गलत बताया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बच्चे के अपहरण से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया है।
एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा स्कूल से बच्चे को किडनैप करने की कोशिश किए जाने की जानकारी वायरल हो रही थी, लेकिन जांच में यह दावा तथ्यों पर आधारित नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि जिस युवक पर आरोप लगाए जा रहे थे, उसकी पहचान बिहार निवासी राम बहादुर के रूप में हुई है। वह मकसूदां मंडी के आसपास रहता है।
पुलिस के मुताबिक, राम बहादुर शराब के नशे में स्कूल परिसर में पहुंचा था। वह स्कूल में एक बच्चे के दाखिले से संबंधित जानकारी लेने के लिए आया था। इसी दौरान स्कूल प्रबंधन को उस पर बच्चे के अपहरण का संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।
एसीपी ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान राम बहादुर के खिलाफ कोई पुराना आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली। इसके अलावा बच्चे के चोरी या अपहरण से संबंधित कोई तथ्य अथवा शिकायत भी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों के अपहरण जैसी संवेदनशील जानकारी को बिना सत्यापन सोशल मीडिया पर साझा न करें। पुलिस के अनुसार, अफवाहों से लोगों में अनावश्यक भय का माहौल बन सकता है। वहीं, विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल में जरूरी सुरक्षा उपायों को लेकर भी विचार किया जा रहा है।