राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने की समीक्षा बैठक, वेतन और पीएफ से जुड़ी अधिकांश शिकायतों के निपटारे का दावा
लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण को लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (एनसीएसके) ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को सराभा नगर स्थित नगर निगम के जोन-डी कार्यालय में आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में नगर निगम की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए आगामी समय में टर्म इंश्योरेंस लागू करने के फैसले की गिल ने सराहना की। गिल ने विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के जल्द निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में करीब तीन महीने पहले हुई आयोग की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की भी समीक्षा की गई। गिल के अनुसार वेतन, प्रोविडेंट फंड सहित कर्मचारियों से संबंधित अधिकांश शिकायतों का नगर निगम की ओर से निपटारा किया जा चुका है।
सेप्टिक टैंक हादसे में एफआइआर में धाराएं जोड़ने के निर्देश
बैठक में एक स्थानीय फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन श्रमिकों की मौत के मामले पर भी चर्चा हुई। आयोग के उपाध्यक्ष ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि इस मामले में दर्ज एफआइआर में ‘मैनुअल स्कैवेंजर्स के रूप में रोजगार की मनाही अधिनियम’ और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराएं शामिल की जाएं। गिल ने कहा कि पुलिस को संबंधित धाराएं जोड़ने के लिए एक माह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मामला सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी उठाया जाएगा।
‘नमस्ते’ पोर्टल पर कर्मचारियों के पंजीकरण के निर्देश
आयोग के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को केंद्र सरकार की ‘नमस्ते’ योजना के पोर्टल पर सफाई कर्मचारियों का पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए। इस योजना का उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई से जुड़े कर्मचारियों को सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और सुरक्षा की निगरानी के लिए जिला प्रशासन की ओर से निगरानी समितियां गठित की गई हैं। संबंधित अधिकारियों को इन समितियों की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीसी (जनरल) शिखा भगत, एसी (जनरल) पायल गोयल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अमनप्रीत सिंह, संयुक्त आयुक्त तपन भनोट, सीएम के फील्ड अधिकारी तुषिता गुलाटी सहित जिला प्रशासन और निगम अधिकारी मौजूद रहे।