summer express , नई दिल्ली। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडानी और उनका परिवार एक बार फिर भारत के सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए सूची में पहला स्थान हासिल किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी की संपत्ति में इस साल 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं, मुकेश अंबानी की संपत्ति 10 प्रतिशत घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई। दोनों के बीच संपत्ति का अंतर करीब 59,400 करोड़ रुपये है।
हुरुन इंडिया की इस सूची में 1,810 ऐसे लोग शामिल हैं, जिनकी संपत्ति कम से कम 1,000 करोड़ रुपये है। इन सभी की कुल संपत्ति 12.8 प्रतिशत बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक यह आंकड़ा भारत की जीडीपी के करीब आधे के बराबर है। देश में डॉलर अरबपतियों की संख्या भी बढ़कर 391 हो गई है, जबकि पांच साल पहले यह संख्या 237 थी।
स्टील और मेटल सेक्टर के कारोबारियों की संपत्ति में इस साल उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। आर्सेलरमित्तल के चेयरमैन एलएन मित्तल की संपत्ति 93 प्रतिशत बढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपये हो गई। संपत्ति में 1.64 लाख करोड़ रुपये के इजाफे के साथ उन्होंने सूची में आठ पायदान की छलांग लगाई और तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
वेदांता रिसोर्सेज के अनिल अग्रवाल और उनके परिवार की संपत्ति 87 प्रतिशत बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपये हो गई। वे सूची में सात पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंचे हैं। रिपोर्ट में वेदांता समूह के मेटल, पावर और एनर्जी कारोबार के पुनर्गठन को संपत्ति में बढ़ोतरी से जोड़कर देखा गया है।
टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स के समीर मेहता की संपत्ति भी 52 प्रतिशत बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये हो गई। जेबी केमिकल्स के साथ कंपनी के विलय के बाद वे सूची में 10वें स्थान पर रहे।
सूची में महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। इस साल 131 महिलाएं शामिल हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 100 थी। इनमें 33 महिलाएं डॉलर अरबपति हैं। एचसीएल की रोशनी नाडर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ देश की सबसे अमीर महिला हैं और ओवरऑल सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
एरिस्टा नेटवर्क्स की जयश्री उलाल 77,400 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिला और सबसे अमीर प्रोफेशनल मैनेजर के तौर पर सूची में शामिल हैं। वहीं, दुबई स्थित लैंडमार्क ग्रुप की रेणुका जगतियानी 70,500 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ 36वें स्थान पर नई एंट्री करने वाली सबसे अमीर महिला हैं।
इस बार हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे नए क्षेत्रों को भी जगह मिली है। बेंगलुरु की QpiAi के संस्थापक नागेंद्र नागराजा क्वांटम हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर क्षेत्र से सूची में शामिल होने वाले पहले भारतीय उद्यमी हैं। उनकी शुरुआती संपत्ति 1,700 करोड़ रुपये आंकी गई है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर से 19 लोग सूची में शामिल हैं, जिनकी कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। इनमें 15 लोग पहली बार सूची में आए हैं। वहीं, एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर से 23 लोग शामिल हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 85,200 करोड़ रुपये है। 28 वर्षीय तनाय कोठारी और सहज गर्ग भी अपनी एआई कंपनी व्हिस्पर फ्लो के साथ सूची में शामिल हुए हैं। दोनों की संयुक्त संपत्ति 4,200 करोड़ रुपये बताई गई है।