summer express , सुन्दर कुंडू ,पलवल। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ मॉड्यूल के अंतर्गत गुरुवार को सेक्टर-2 स्थित एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में ‘विकसित भारत’ थीम पर रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में किया गया। इसका शुभारंभ पलवल शुगर मिल की एमडी द्विजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व विधायक प्रवीण डागर और स्कूल के चेयरमैन सुरेश भारद्वाज भी मौजूद रहे।
एमडी द्विजा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ मॉड्यूल के तहत पलवल में अलग-अलग स्थानों पर रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में ‘विकसित भारत’ की थीम पर बनाई गई विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इसमें प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया।
विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक रंगोलियों के जरिए देश की विकास यात्रा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प, सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।