summer express ,बलिंदर कुमार, कैथल। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के कैथल बिजली विभाग ने बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीमों ने बड़ी संख्या में बिजली कनेक्शनों की जांच की और चोरी के मामले सामने आने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।
विभाग के अनुसार, अभियान के तहत जिले में कुल 2,638 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। जांच के दौरान 988 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 2.64 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कैथल बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के साथ उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल का भुगतान करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से निगम को आर्थिक नुकसान होता है और इसका असर नियमित रूप से बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली का अवैध इस्तेमाल न करें और अपने कनेक्शन का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।