Summer express/कुल्लू,मनमिंदर अरोड़ा-:अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव को इस वर्ष और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर मैदान में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव 21 से 27 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारियों को लेकर अटल सदन में दशहरा उत्सव समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता कुल्लू के विधायक एवं दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने की।बैठक में बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी के विधायक लोकेंद्र सिंह सहित प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उत्सव के सफल आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्लॉट आवंटन, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि इस बार अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में देश-विदेश के कलाकारों की भागीदारी रहेगी। उत्सव के दौरान ढालपुर मैदान में एक विशेष ग्लोबल कल्चरल प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न देशों से आने वाले कलाकार एक ही मंच पर अपनी-अपनी संस्कृति और लोक कलाओं की प्रस्तुति देंगे। इससे दशहरा उत्सव में आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न देशों की संस्कृति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि इस वर्ष ड्रोन शो और लेजर शो भी उत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों को मनोरंजन का नया अनुभव देने का प्रयास किया जाएगा।विधायक ने कहा कि उत्सव को लेकर प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों के ऑडिशन सहित प्लॉट आवंटन और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाएगा। नगर परिषद और प्रशासन के सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आयोजन व्यवस्थित और भव्य तरीके से हो सके।