summer express , लुधियाना। महानगर में लूट और झपटमारी की घटनाओं के बीच शिव चौक के पास पुल की उतराई पर दो दोस्तों से हथियारों के बल पर लूट का मामला सामने आया है। दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवकों ने रास्ते में दोनों दोस्तों को घेर लिया और चलती बाइक की चाबी निकालकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों पर तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मोबाइल फोन व चांदी का ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की ओर से जुटाई गई जानकारी के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में अमृत ने बताया कि वह अपने दोस्त मोहम्मद अकबर हुसैन उर्फ अकबर के साथ पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जब दोनों शिव चौक के पास पुल की उतराई से गुजर रहे थे, तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलें उनकी बाइक के बराबर आ गईं। दोनों बाइकों पर छह युवक सवार थे और उनके पास तेजधार हथियार थे।
अमृत के मुताबिक, एक बाइक सवार युवक ने चलती मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली, जिससे बाइक रुक गई। इसके बाद दोनों बाइकों से उतरे सभी छह युवकों ने उन्हें घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अमृत और उसका दोस्त अकबर घायल हो गए। आरोपियों ने दोनों को धमकाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद बदमाशों ने अमृत से iPhone 13 Pro मोबाइल फोन और हाथ में पहना चांदी का ब्रेसलेट छीन लिया। वहीं, उसके दोस्त मोहम्मद अकबर हुसैन का Redmi Note 13-C मोबाइल भी लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी छह आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। अमृत के अनुसार, अपने स्तर पर की गई पड़ताल के दौरान उसने वारदात में शामिल तीन युवकों की पहचान शिवम कुमार उर्फ सभम, धनंजो गिरी और शिवम के रूप में की। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों और उनके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस लूटे गए मोबाइल फोन और अन्य सामान की बरामदगी के साथ वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान करने में भी जुटी है। मामले की जांच जारी है।