summer express ,किंशासा। मध्य अफ्रीकी देश कांगो में एक विमान हादसे में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई। विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किक्विट से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी की आशंका के बीच विमान केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने हादसे और 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में देश की सैन्य अदालत के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कातालायी तिएंदे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया भी शामिल हैं।
स्थानीय अधिकारियों और सेना के अनुसार, विमान राजधानी लौटते समय कथित तौर पर तकनीकी समस्या का शिकार हुआ। इसके बाद केंगे में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्यों और क्रू मेंबर्स की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड अध्यक्ष ट्रिफॉन किन-की मुलुम्बा और सेना के प्रवक्ता के अनुसार, दुर्घटना की परिस्थितियों और संभावित तकनीकी खराबी का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब कांगो के पूर्वी हिस्से में सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कांगो की सेना कई सशस्त्र समूहों के खिलाफ अभियान चला रही है। इनमें रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही समूह भी शामिल है, जिसने हाल के संघर्षों के दौरान पूर्वी कांगो के कई महत्वपूर्ण इलाकों पर नियंत्रण स्थापित किया है।