summer express , अमृतसर। पंजाब से मानसून की विदाई के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। विभाग ने शनिवार को सात और रविवार को 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को लुधियाना में बारिश हुई, जबकि कई अन्य जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। इसके चलते राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। शुक्रवार को फरीदकोट और बठिंडा में सबसे अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अमृतसर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, जालंधर में 32.8 डिग्री, पटियाला में 31.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 32 डिग्री सेल्सियस रहा। लुधियाना में 6.8 मिलीमीटर और रूपनगर के भाखड़ा बांध क्षेत्र में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और फतेहगढ़ साहिब में यलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
रविवार को बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और साहिबजादा अजीत सिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली चमकने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
हालांकि सोमवार और मंगलवार को मौसम के फिर से शुष्क रहने का अनुमान है। 28 और 29 सितंबर के लिए पंजाब के किसी भी जिले में मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की विदाई से पहले होने वाली यह बारिश तापमान में और गिरावट ला सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।