summer express , नई दिल्ली। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 15 राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। बिहार और मध्य प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के अलावा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का दौर तेज रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। संभावित बाढ़ और खराब मौसम के मद्देनजर कुछ जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
उत्तराखंड में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा जताया है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में भारी बारिश का रेड अलर्ट है, जबकि नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे एक निम्न दबाव वाले क्षेत्र का बनना और उसका तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ना प्रमुख कारण है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।