summer express ,अंबाला। अंबाला-अमृतसर नेशनल हाईवे पर कालका चौक से कुछ आगे सुबह यात्रियों से भरी स्लिपर बस और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस परिचालक की मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अंबाला शहर और छावनी के नागरिक अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मृतक की पहचान नॉर्थ ईस्ट दिल्ली निवासी 40 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है। वह बस में परिचालक के तौर पर कार्यरत था। हादसे में नोएडा निवासी 30 वर्षीय अरविंद, लुधियाना के जमालपुर थाना क्षेत्र के चरनालपुर निवासी 33 वर्षीय निखार, जालंधर निवासी 23 वर्षीय सूर्या समेत अन्य यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, वोल्वो स्लिपर बस रात करीब 10 बजे नोएडा से जालंधर के लिए रवाना हुई थी। शनिवार सुबह करीब पांच बजे बस अंबाला शहर में अंबाला-अमृतसर नेशनल हाईवे पर कालका चौक से आगे पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मृतक छोटू और चार घायलों को अंबाला शहर स्थित जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने छोटू को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार शुरू किया गया। वहीं, पांच अन्य घायलों को अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें श्रेयसा, मुस्कान समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
हादसे में घायल सूर्या की हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया था, लेकिन बाद में उसके परिजन उसे जालंधर लेकर चले गए। सूर्या की मां स्नेहा ने बताया कि उसका बेटा गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करता है। वहीं, घायल निखार और अरविंद को भी उनके परिजन अपने साथ ले गए। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।