summer express ,अंबाला (अंकुर कपूर)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कश्मीर, पाकिस्तान के साथ पानी के विवाद और कांग्रेस के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पाकिस्तान से कश्मीर का मुद्दा छोड़ने और अपने कब्जे वाले हिस्से को वापस करने पर विचार करने की बात कही। वहीं पानी के मुद्दे पर विज ने कहा कि भारत का पानी भारतीय किसानों के खेतों के लिए है। कांग्रेस के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर उन्होंने पार्टी पर लगातार चुनावी हार से बौखलाने का आरोप लगाया।
कश्मीर के मुद्दे पर अनिल विज ने कहा कि पाकिस्तान को अब कश्मीर को भूल जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कश्मीर की जनता ने अपनी सरकार चुनी है और महाराजा हरि सिंह ने भी विलय पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। विज ने कहा कि पाकिस्तान को कश्मीर के बजाय अपने कब्जे वाले कश्मीर के हिस्से को वापस करने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान कश्मीर का मुद्दा उठाता रहेगा, तब तक वहां शांति और स्थिरता कायम नहीं हो सकेगी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से भारत द्वारा पानी रोके जाने को ‘एक्ट ऑफ वार’ बताए जाने के बयान पर भी विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत अपने खेतों को पानी देगा और भारतीय किसानों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। विज ने कहा कि भारत के खेत पानी के लिए तरसते रहें और पानी पाकिस्तान जाता रहे, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूर्व में हुई जल संधियों को भी गलत बताया।
वहीं कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन पर विज ने कहा कि कांग्रेस लगातार राज्यों में चुनाव हार रही है और इसी वजह से वह चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि मतदाता सूची में सही मतदाता शामिल हों, गलत नाम हटाए जाएं और कोई गलत मतदान न कर सके।
विज ने कहा कि यदि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नजर आती है तो उसे उसे सुधारने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग के काम में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। विज ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी है जैसे कोई बच्चा परीक्षा में फेल होने के बाद रोता है और अपनी हार के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराता है।