Summer express/राहुल चावला, कांगड़ा -:कांगड़ा एयरपोर्ट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर के समर्थन में नारे लगाए और उनसे मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अनुराग ठाकुर ने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत के लिए एशियन गेम्स में पिछला दिन बेहद महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक समेत कुल छह पदक देश की झोली में डाले। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और उनके शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने आगामी मुकाबलों के लिए भी भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि कबड्डी समेत अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी अनुराग ठाकुर ने खुशी जताई। उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों को विशेष बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल के खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10 हजार मीटर दौड़ समेत अन्य मुकाबलों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कबड्डी के मुकाबलों को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह है और भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी समाचार या आरोप के आधार पर निष्कर्ष निकालने से पहले तथ्यों और संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद आत्मचिंतन करने के बजाय अलग-अलग कारणों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की जा रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष की ओर से कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग, कभी एसआईआर और अब मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने अपने फैसले नियमों के तहत और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए हैं।प्रधानमंत्री की मॉर्फ की गई तस्वीर से जुड़े मामले पर भी अनुराग ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एआई और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों और वीडियो से छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग से किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाना गंभीर विषय है। सरकार को ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।