summer express , बरवाला। पाबड़ा गांव स्थित मां चंडके देवी मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर करीब 1 किलो 500 ग्राम चांदी का सामान चोरी कर लिया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बरवाला थाना पुलिस ने मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक शास्त्री की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मुख्य पुजारी अशोक शास्त्री ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से मंदिर में सेवा कर रहे हैं। शाम पूजा-पाठ और साफ-सफाई के बाद मंदिर के कपाट बंद करवाकर वह अपने कमरे में चले गए थे। मंदिर की चाबी सेवादार ओमप्रकाश के पास थी।
सुबह करीब चार बजे ओमप्रकाश मंदिर खोलने पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और उसका ताला टूटा मिला। उसने तुरंत पुजारी को सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद दोनों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में एक युवक मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करता और वहां लगा ताला तोड़कर चांदी का सामान निकालकर ले जाता दिखाई दिया। चोर मंदिर से चांदी का छत्र, चांदी की चौखट और चांदी की चरण पादुका समेत करीब 1.5 किलोग्राम सामान चोरी कर ले गया।
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है। शिकायत के आधार पर बरवाला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी कर्मजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।