summer express ,सुन्दर कुंडू , पलवल। जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव मंडकोला में जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड और सहगल फाउंडेशन की संयुक्त सीएसआर पहल के तहत बाबा नंददास तालाब का जीर्णोद्धार किया गया। जीर्णोद्धार के बाद तालाब का उद्घाटन जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्रुप हेड बलजीत सिंह डागर ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर मंडकोला की सरपंच सविता डागर, बढ़ा गांव के सरपंच रामदयाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बलजीत सिंह डागर ने बताया कि बाबा नंददास मंदिर के पास स्थित तालाब लंबे समय से खराब हालत में था। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और आसपास के ग्रामीणों की ओर से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की गई थी। इसके बाद जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सहगल फाउंडेशन के सहयोग से सीएसआर योजना के तहत तालाब के जीर्णोद्धार की पहल की।
उन्होंने बताया कि तालाब की चारदीवारी कराने के साथ इसके सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। तालाब की सफाई कर पानी को भी स्वच्छ किया गया है, जिससे अब मंदिर आने वाले श्रद्धालु इसका उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के सहयोग से भविष्य में भी सामाजिक कार्यों को जारी रखा जाएगा।
बलजीत डागर ने बताया कि कंपनी की ओर से सीएसआर के तहत शिक्षा, जल संरक्षण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। गरीब बेटियों की शिक्षा के लिए हर साल करीब 500 छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं, मुरैना के पास बारिश के पानी के संरक्षण के लिए चेक डैम बनाया गया है, जिससे करीब 100 गांवों के किसानों को सिंचाई में लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी मेडिकल हेल्थ कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से अब तक करीब दो लाख वाहन चालकों की आंखों की जांच की जा चुकी है और जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए हैं।