Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला में सीमेंट के बढ़ते दाम, एचपीटीडीसी कर्मचारियों के वेतन, निर्माण कार्यों और नगर निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर गंभीरता से काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के बीच सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर निराशा बढ़ रही है।सुधीर शर्मा ने सीमेंट के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एक ओर आत्मनिर्भर हिमाचल की बात करती है, जबकि दूसरी ओर आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में सीमेंट के दाम कई बार बढ़ाए गए हैं। उनके अनुसार, सरकार की घोषणाओं और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन के बीच अंतर दिखाई दे रहा है।
धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी के उस बयान पर भी सुधीर शर्मा ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने धर्मशाला की जनता से माफी मांगने की बात कही थी। सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने धर्मशाला से चुनाव लड़ा और जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय, सड़कों की स्थिति और नगर निगम से जुड़े मामलों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।एचपीटीडीसी कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा उठाते हुए भाजपा विधायक ने धर्मशाला में निर्माणाधीन भवन को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण को लेकर नियमों और वैधानिक स्थिति की जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में अदालत का फैसला निर्माण के खिलाफ आता है तो इसमें खर्च हुई सरकारी धनराशि की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उनका कहना था कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ किए गए प्रदर्शन को लेकर भी सुधीर शर्मा ने सवाल उठाए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति और वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने के आरोपों पर जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को जनता से जुड़े ठोस मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।