summer express , राकेश कुमार शर्मा, करनाल। वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए CIA-1 करनाल की एंटी ऑटो थेफ्ट टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिलें करनाल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 को CIA-1 की टीम को वाहन चोरी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एंटी ऑटो थेफ्ट इंचार्ज रोहताश सिंह के नेतृत्व में टीम ने ट्रक यूनियन सेक्टर-4 करनाल के पास कार्रवाई करते हुए गांव अरधाना, थाना असंध निवासी रोशनलाल को चोरी की मोटरसाइकिल समेत काबू किया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की नौ अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके बाद ASI कृष्ण कुमार की टीम ने गांव बरसत निवासी इकबाल उर्फ बिल्लू और गांव पीरबड़ौली निवासी सागर को भी चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक अब तक आरोपियों के कब्जे से कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद हो चुकी हैं। जांच में इनमें से कुछ मोटरसाइकिलों की चोरी थाना शहर करनाल, सिविल लाइन करनाल, निसिंग, घरौंडा और मधुबन थाना क्षेत्रों से होना सामने आया है।
CIA-1 की टीम बरामद वाहनों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन चोरी की अन्य कितनी वारदातों में उनकी संलिप्तता है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।