भावना के पूरे परिवार ने खेतों में देखा मैच, वहीं पर मनाया जीत का जश्न
Summer express/मंडी/धर्मवीर-: एक तरफ एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी की टीम फाइनल मुकाबला जीतने के लिए मैदान में पसीना बहा रही थी तो दूसरी तरफ उसी टीम की होनहार खिलाड़ी भावना ठाकुर का परिवार खेलों में लहसुन की बीजाई के लिए पसीना बहा रहा था।भावना ठाकुर के परिवार के सभी सदस्य सुबह ही खेतों में लहसुन की बीजाई के लिए चले गए थे और काम के साथ-साथ मोबाईल फोन पर मैच का सीधा प्रसारण भी देख रहे थे।गांव के अन्य लोग भी खेतों में काम के साथ-साथ मैच देख रहे थे।जैसे ही भारतीय टीम ने ईरान को शिकस्त देकर जीत हासिल की तो पूरा परिवार खेतों में ही खुशी से झूम उठा। भावना के पिता प्रेम सिंह खेतों में ही नाच उठे और पूरे परिवार ने वहीं पर ही जश्न मनाया।भावना की बड़ी बहन कुंता देवी ने बताया कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है कि आज उनकी बहन ने एक बार फिर से देश दुनिया में अपने क्षेत्र, जिला, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। हमारी यही दुआ है कि बेटी भावना इसी तरह से आगे बढ़ती रहे और बुलंदियों पर पहुंचे।
परिवार की सबसे छोटी बेटी है भावना ठाकुर
27 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी भावना ठाकुर मूलतः गोहर उपमंडल के बैला गांव की रहने वाली हैं जोकि पंडोह के साथ लगता है।उनके पिता प्रेम सिंह किसान हैं जबकि माता दासी देवी गृहणी हैं।भावना चार भाई-बहनों में सबसे छोटी है। उनकी सबसे बड़ी बहन कांता, उनसे छोटी पुष्पा और भाई दुनी चंद हैं।भावना की भाभी प्रोमिला देवी ने बताया कि भावना की कामयाबी पर पूरे परिवार और क्षेत्र को नाज है।
कभी कबड्डी को कह दिया था अलविदा
भावना का कबड्डी का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा। 2014 में शुरूआत के कुछ समय बाद ही जूनियर नेशनल खेल लिया, लेकिन उसके बाद कुछ ऐसी परिस्थितियां बनीं कि भावना ने कबड्डी को अलविदा कह दिया। मंडी जिला कबड्डी संघ के नेत्र सिंह और प्रेम ठाकुर भावना के घर जा पहुंचे।दोनों ने पिता प्रेम सिंह की मदद से भावना से बात की और उन्हें दोबारा खेलने के लिए प्रेरित किया। देवता की कसम भी दिलाई कि वो खेलना नहीं छोड़ेंगी। उसके बाद भावना ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। भावना की शुरूआती पढ़ाई कोट और स्यांज स्कूलों से हुई जबकि बाद में वह सिरड़ा इंस्टीच्यूट के होस्टल चली गई और कनैड स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। 2021 में धर्मशाला में कबड्डी की कोचिंग लेकर आगे बढ़ी। 24 नवंबर 2025 को भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीन को हराकर विश्वकप जीता था जिसमें भावना ठाकुर की मुख्य भूमिका रही थी। इसके बाद भावना का सपना एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने का था, जिसे भी उसने अब पूरा कर लिया है। मंडी जिला कबड्डी संघ के सचिव नेत्र सिंह ने पूरे संघ की तरफ से भावना को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
सीएम ने दी बधाई, सरकार देगी ईनाम
मंडी दौरे पर आए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय कबड्डी टीम में शामिल रही हिमाचल की चारों बेटियों सहित पूरी टीम इंडिया को शानदार जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने जोगिंद्रनगर के सावन बरवाल को भी जीत के लिए बधाई दी।सीएम ने कहा कि हिमाचल पहुंचने पर सभी विजेताओं का स्वागत किया जाएगा और नियमों के तहत सभी को सरकार की तरफ से ईनामी राशि भी दी जाएगी।