शिमला-: शिमला शहर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और लोगों को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वर्ण पब्लिक स्कूल में जल संरक्षण विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का आयोजन शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) और स्वेज की ओर से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अध्यापकों को जल के महत्व, इसके संरक्षण तथा पानी की बर्बादी रोकने के उपायों की जानकारी दी गई।सेमिनार के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को घरों, स्कूलों और अन्य संस्थानों में पानी का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जल संसाधनों का संरक्षण केवल सरकार या संबंधित विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों को दैनिक जीवन में पानी बचाने के आसान और प्रभावी उपाय भी बताए गए।
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी राहुल शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शिमला शहर के लिए संचालित की जा रही 24×7 जलापूर्ति परियोजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने परियोजना और जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका प्रतिनिधियों ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा मेहता ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए SJPNL और स्वेज के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को लेकर बच्चों में जागरूकता पैदा करना भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है।उन्होंने कहा कि सतलुज नदी से शिमला शहर तक पानी पहुंचाने वाली 24×7 जलापूर्ति परियोजना पर कार्य प्रगति पर है। परियोजना के पूरा होने से शहर की दीर्घकालीन पेयजल समस्या के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है। उन्होंने शहरवासियों से परियोजना के कार्य में सहयोग करने और पानी की हर बूंद का महत्व समझते हुए इसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।