summer express , अमृतसर। पंजाब में इस मानसून सीजन के दौरान बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी नीचे रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में मानसून के दौरान अब तक 258.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 438.8 मिलीमीटर वर्षा होती है। इस तरह पंजाब में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
राज्य के 23 जिलों में मानसूनी बारिश की स्थिति एक जैसी नहीं रही। पठानकोट और गुरदासपुर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं अमृतसर सामान्य बारिश वाली श्रेणी में है, हालांकि यहां भी सामान्य के मुकाबले 18 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
राज्य के 14 जिलों में सामान्य से 20 से 60 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, लुधियाना, जालंधर और पटियाला सहित कई जिले शामिल हैं। इसके अलावा छह जिलों में बारिश की कमी और अधिक रही। कपूरथला, श्री मुक्तसर साहिब, मानसा, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में सामान्य से 60 प्रतिशत से अधिक कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर को पंजाब में मौसम शुष्क रहा और किसी भी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई। सभी केंद्रों पर वर्षा शून्य मिलीमीटर रही। आने वाले दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने फिलहाल कोई बारिश का अलर्ट या वर्षा का पूर्वानुमान जारी नहीं किया है। ऐसे में मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।
दिन के तापमान में मंगलवार के मुकाबले औसतन 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। चंडीगढ़ और लुधियाना में 33.6, पटियाला में 33.8 और अमृतसर में 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
रात के तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ और यह सामान्य के आसपास बना रहा। पंजाब में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस लुधियाना में दर्ज किया गया, जबकि थीन बांध क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 21.0, अमृतसर में 20.8, पटियाला में 21.3 और पठानकोट में 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में लगातार शुष्क मौसम बना हुआ है।