summer express ,करनाल। जन्मदिन की पार्टी मनाने दोस्तों के साथ घर से निकले 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। रात युवक दोस्तों के साथ बाहर गया था। देर रात परिजनों को सूचना दी गई कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजनों को युवक की चाकू लगने की जानकारी मिली।
मृतक की पहचान हांसी रोड स्थित गली नंबर-दो निवासी कृष के रूप में हुई है। कृष मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और परिवार के साथ करनाल में किराये के मकान में रहता था। वह रिपेयरिंग का काम करता था। दो अक्तूबर को उसका जन्मदिन था। शाम को उसने अपने पिता से कुछ रुपये लिए और दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने की बात कहकर घर से निकल गया।
परिजनों के अनुसार, कृष और उसके दोस्तों की पहले शिव कॉलोनी में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वे बहादुरचंद कॉलोनी पहुंचे। यहां जन्मदिन की पार्टी के दौरान फिर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप नाम के युवक ने कृष की जांघ में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल कृष को उसके दोस्त इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कृष की मौत की सूचना मिलते ही उसके साथ आए दोस्त मौके से फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें शुरुआत में कृष के एक्सीडेंट में घायल होने की जानकारी दी गई थी, जबकि बाद में पता चला कि उस पर चाकू से हमला किया गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के पिता भोला राम ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से न्याय दिलाने और परिवार की सहायता करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।