summer express,बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के विनायक लेआउट इलाके में शनिवार सुबह किराए के मकान में एलपीजी सिलिंडर से गैस लीक होने के बाद आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य झुलस गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, परिवार मूल रूप से रायचूर का रहने वाला है और विनायक लेआउट में किराए के मकान में रह रहा था। शनिवार सुबह परिवार के सदस्य खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एलपीजी सिलिंडर से गैस लीक होने लगी और अचानक आग भड़क गई। कुछ ही देर में आग ने घर के भीतर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में 40 वर्षीय करिलिंगप्पा, उनकी 42 वर्षीय पत्नी लक्ष्मम्मा, 11 वर्षीय चैत्र, नौ वर्षीय बसवा और तीन वर्षीय जुड़वां बच्चे गीता और गिरिजा झुलस गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही चंद्र लेआउट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।