सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
महानगर में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए रविवार को लुधियाना पुलिस ने बस स्टैंड में बड़े स्तर पर कासो ऑपरेशन चलाया। सुबह से शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई दोपहर तक जारी रही। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस टीमों ने बस स्टैंड परिसर के चप्पे-चप्पे पर नजर दौड़ाई और संवेदनशील हॉटस्पॉट को खंगाला। अचानक हुई इस कार्रवाई से बस स्टैंड परिसर में दिनभर हलचल बनी रही। डीसीपी सिटी आलम विजय सिंह, एडीसीपी ऑपरेशंस संदीप कुमार वडेरा, एसीपी सिविल लाइंस सरबजीत सिंह चीमा और इंस्पेक्टर हमराज सिंह की अगुवाई में पुलिस टीमों ने बस स्टैंड के अलग-अलग हिस्सों में चेकिंग अभियान चलाया।
यात्रियों और आने-जाने वाले लोगों के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिस ने शक के आधार पर कई लोगों को राउंडअप किया। राउंडअप किए गए संदिग्धों से मौके पर पूछताछ की गई। पुलिस ने उनकी पहचान, पते और आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई। साथ ही यह भी जांच की गई कि कहीं उनका किसी आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों से संपर्क तो नहीं है। चेकिंग के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध सामान मिलने की भी जानकारी सामने आई है। बरामद सामान और संदिग्धों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूछताछ और जांच के दौरान जिसके खिलाफ भी अपराध से जुड़े तथ्य सामने आएंगे, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर चलाए गए इस ऑपरेशन को पुलिस की अपराध विरोधी मुहिम का अहम हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।