गुरशरण सिंह / सुरिंदर सिंह अंकुश
समर न्यूज | मोहाली
सन्नी एनक्लेव इलाके में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में घरों के बाहर खड़ी कारें और एक एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रे रंग की किआ सोनेट कार सन्नी एनक्लेव पहुंचने से पहले चंडीगढ़ हाईवे स्थित निज्जर चौक के पास एक अन्य कार से टकराई थी। इसके बाद उस कार में सवार कुछ युवकों ने चालक का पीछा किया। इसी दौरान कार सन्नी एनक्लेव की पुलिस चौकी वाली गली में पहुंची और चौकी से कुछ दूरी पर मकान नंबर 138-बी के बाहर खड़े वाहनों से जा टकराई। हादसे में एडवोकेट अविनाश कुमार शर्मा की एक्टिवा और एक्सटर कार को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा पड़ोसी एडवोकेट हेमराज और उनके बेटे की मारुति इग्निस सहित अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
पीछा कर रहे युवकों का दावा है कि चालक ने भागते समय पुलिस चौकी के बाहर खड़े एक पुलिस वाहन को भी टक्कर मारी। पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिवांशु और खुद को जालंधर निवासी बताया। प्रारंभिक जांच में कार मोहाली निवासी एक महिला के नाम पर पंजीकृत पाई गई। कार से एक महिला का पर्स मिलने की बात भी सामने आई है। पीछा कर रहे युवकों ने आरोप लगाया कि चालक ने रास्ते में अपना मोबाइल और पर्स किसी साथी को दे दिया था, जो वहां से चला गया। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का भी आरोप लगाया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस को वाहन के रिकॉर्ड में करीब 10 लंबित यातायात चालान मिले हैं, जिनकी कुल राशि लगभग 44 हजार रुपये बताई जा रही है। पूरी घटना आसपास लगे lसीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।