चंबा, मंजूर पठान-:विकास खंड तीसा में पंचायत प्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियों और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय तीसा के सभागार में चल रहे इस शिविर में क्षेत्र की 53 ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आज 16 पंचायतों के करीब 90 वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, पंचायत की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया से अवगत करवाया गया।
शिविर में वार्ड सदस्यों को बताया जा रहा है कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों को पंचायत के समक्ष किस प्रकार प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा पंचायत विकास योजनाओं में जनहित से जुड़े कार्यों को शामिल करवाने, पंचायत बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने और उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है।पंचायत निरीक्षक पम्मी ठाकुर ने बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वार्ड सदस्यों को पंचायती राज नियमों की बेहतर समझ प्रदान करना है, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।उन्होंने कहा कि वार्ड सदस्य ग्रामीणों और पंचायत के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत तक पहुंचाने और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रहती है।चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से सभी 53 पंचायतों के वार्ड सदस्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, जनभागीदारी को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।