एनसीसी युवाओं को राष्ट्र के जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनने की दे रहा प्रेरणा
मंडी/ धर्मवीर -:राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज मंडी स्थित द्वितीय हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन का दौरा किया। उन्होंने बटालियन में स्थापित सर्वधर्म स्थल का विधिवत शुभारंभ किया और उत्कृष्ट कार्यों के लिए एनसीसी बटालियन को भी प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.) की स्थापना का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, चरित्र, नेतृत्व, राष्ट्रीय एकता और निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित है। यह केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक संपूर्ण दर्शन है।
एकता हमें विविधताओं का सम्मान करना सिखाती है, जबकि अनुशासन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बनाता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स में राष्ट्र पर न्यौछावर होने का जज्बा और देश के प्रति कुर्बानी की भावना बचपन से ही आ जाती है। प्रशिक्षण के माध्यम से उनमें देश के लिए समर्पण का भाव विकसित होता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी एनसीसी कैडेट रह चुके हैं और हिमाचल के पालमपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आते रहे हैं।राज्यपाल ने कहा कि अग्निवीर योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक विशिष्ट पहल है। इसमें युवाओं को राष्ट्र की रक्षा के लिए तैयार करने की पहल की गई है। इसी तर्ज पर एनसीसी भी देश के लिए समर्पित व अनुशासित युवाओं को तैयार करता है। कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि मंडी स्थित द्वितीय हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन की उपलब्धियां विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। पिछले वर्ष बटालियन को एनसीसी निदेशालय में सर्वश्रेष्ठ एनसीसी यूनिट चुना जाना इसकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, अधिकारियों के समर्पण और कैडेट्स की मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि बटालियन मुख्यालय में सर्वधर्म स्थल की स्थापना से कैडैट्स में सर्वधर्म समभाव की भावना विकसित होगी।