Summer express, अनुज पंचाल , गुरुग्राम। बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का असर अब आम जनता पर पड़ने लगा है। गुरुग्राम के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर-5, पालम विहार और सेक्टर-7 के कुछ हिस्सों में बुधवार रात करीब 10 बजे से बिजली गुल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने और शिकायतों का समाधान न मिलने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बिजली संकट के बीच लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन बंद मिले। वहीं, शिकायत केंद्रों पर संपर्क करने पर लाइन में खराबी होने और उसे ठीक करने की बात कही जा रही है। बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बिजली कर्मचारी निगम के निजीकरण के विरोध में हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि निजीकरण का फैसला वापस लिया जाना चाहिए। संयुक्त संघर्ष समिति, हरियाणा के मुख्य प्रवक्ता मुकेश बयाना ने कहा कि यदि सरकार निजीकरण रोकने की दिशा में कदम नहीं उठाती है, तो 24 अक्टूबर को संयुक्त संघर्ष समिति के साथ बातचीत कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हड़ताल के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि बिजली निगम और सरकार की ओर से संकट दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं और प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति कब तक बहाल हो पाती है।