Summer express, सुंदर कुंडू, फरीदाबाद। नगला एनक्लेव पार्ट-2 में देर रात हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर के घर पर दो युवकों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। वारदात के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावर गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना में घर की खिड़की का शीशा टूट गया, जबकि एक गोली दीवार में लगी। तीसरी गोली हवा में चलाई गई। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
नगला एनक्लेव पार्ट-2 निवासी सुरजीत बैंसला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे उनके पड़ोसी ने आकर सूचना दी कि उनके मकान पर गोली चलाई गई है। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो फायरिंग की घटना सामने आई। फुटेज में दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर आते और घर के पास रुककर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे नहीं ढके हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
पीड़ित सुरजीत बैंसला ने पुलिस को बताया कि वह फायरिंग करने वाले युवकों में से किसी को नहीं पहचानते। ऐसे में हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान परिवार का कोई सदस्य गोली की चपेट में नहीं आया।
सूचना मिलने के बाद पर्वतीय कॉलोनी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
थाना प्रभारी हुक्म सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।