summer express,नवांशहर। नवांशहर के बंगा क्षेत्र में गांव माजरी के पास सोमवार सुबह एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें तीन यात्रियों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस मनाली से अमृतसर की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे। माजरी गांव के नजदीक पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में मदद की। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।