summer express,नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे उत्तर भारत से विदा हो रहा है, लेकिन देश के कई अन्य हिस्सों में इसका असर अभी भी बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है, जबकि दिल्ली समेत उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार और मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 6 से 8 अक्टूबर के बीच दिल्ली के साथ नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में सोमवार को अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है। वहीं, 5 से 7 अक्टूबर के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इस अवधि में बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पंजाब के लिए 3 से 5 अक्टूबर के बीच IMD ने कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।
दक्षिण भारत में केरल और माहे में 7 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। केरल के कुछ हिस्सों में 5 और 6 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान दक्षिण भारत के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है।
राजस्थान में फिलहाल मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। सोमवार को राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। जयपुर, पिलानी, बीकानेर और चूरू समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।