summer express ,नाइजीरिया। नाइजीरिया में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बेनिन सिटी से लागोस जा रहे नाइजीरियाई वायु सेना के विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 25 यात्री और सात क्रू सदस्य शामिल हैं। राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे में किसी के भी जीवित नहीं बचने की पुष्टि करते हुए दुर्घटना के कारणों की तत्काल और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
एविएशन मिनिस्टर फेस्टस केयामो के अनुसार, नाइजीरियाई वायु सेना का ATR-42 विमान नियमित मिशन पर रवाना हुआ था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल का विमान से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान की तलाश शुरू की गई और उसका मलबा तटीय शहर इग्बोकोडा के पास एक नौसैनिक अड्डे के नजदीक बरामद हुआ।
वायु सेना ने संपर्क टूटने के बाद तुरंत खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विमान एक नदी के पास गिरा, जिसके चलते मलबे का कुछ हिस्सा पानी में समा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने तेज आवाज सुनी और इसके बाद घटनास्थल पर मलबा बिखरा देखा। मौके से शवों के हिस्से, कपड़े और जूते भी बरामद किए गए।
हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया। दुर्घटना को हाल के वर्षों में नाइजीरिया के सबसे गंभीर हवाई हादसों में से एक माना जा रहा है। राष्ट्रपति टिनुबू ने वायु सेना को दुर्घटना की वजह का पता लगाने के लिए तत्काल और व्यापक जांच करने के निर्देश दिए हैं।