summer express,हैदराबाद। तेलंगाना की आदिलाबाद पुलिस ने एक प्रतिष्ठित बैंक के पूर्व कर्मचारी 25 वर्षीय चैतन्य प्रमोद कुटे को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों से क्रेडिट कार्ड, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी और ओटीपी हासिल करता था और फिर उनके खातों से रकम निकाल लेता था। आरोपी पर तीन राज्यों में करीब 150 साइबर शिकायतों से जुड़े होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला का रहने वाला है और फिलहाल पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में रह रहा था। बैंक में काम करने के पुराने अनुभव के कारण उसे बैंकिंग प्रक्रिया की अच्छी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर वह ग्राहकों से पेशेवर बैंक अधिकारी की तरह बातचीत करता और उन्हें आसानी से अपने झांसे में ले लेता था।
आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड के जरिए ग्राहकों को फोन करता था। वह उन्हें बताता था कि उनके क्रेडिट कार्ड का वेरिफिकेशन या एक्टिवेशन किया जाना है। इसके बाद बातचीत के दौरान उनसे कार्ड और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी के साथ ओटीपी हासिल कर लेता था। मिली जानकारी का इस्तेमाल वह खातों से रकम निकालने के लिए करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को अलग-अलग यूपीआई और अमेजन से जुड़े खातों में ट्रांसफर किया जाता था। अपनी पहचान और गतिविधियों को छिपाने के लिए आरोपी लगातार मोबाइल फोन और सिम कार्ड बदलता था। पुलिस पूछताछ में उसने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए एक मोबाइल फोन को नष्ट करने की बात भी स्वीकार की है।
मामला 23 जुलाई 2026 को सामने आया, जब आदिलाबाद निवासी प्रफुल्ल पाटिल को एक व्यक्ति ने एचडीएफसी बैंक का प्रतिनिधि बनकर फोन किया। कॉलर ने क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने के नाम पर उनसे बैंक से जुड़ी जानकारी और ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से पांच अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 73,279 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत मिलने के बाद आदिलाबाद पुलिस ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, NCRP के रिकॉर्ड की जांच में आरोपी का संबंध तेलंगाना, महाराष्ट्र और गोवा में दर्ज करीब 150 साइबर शिकायतों से सामने आया है। इन मामलों में पीड़ितों से कुल करीब 95.33 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टोयोटा हाइराइडर कार, आईफोन 13, मोटो जी67 मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।