summer express,झज्जर। बेरी शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों और पार्षदों का गुस्सा मंगलवार को सामने आया। माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के पीछे लंबे समय से जमा कचरे से परेशान लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए शहर से एकत्र किया गया कचरा नगर पालिका कार्यालय के गेट पर खाली कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की।
स्थानीय लोगों और पार्षदों का आरोप है कि करीब एक साल से मंदिर के पीछे शहर का कचरा डाला जा रहा है। इस संबंध में कई बार नगर पालिका अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। नवरात्र के मद्देनजर मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
माता भीमेश्वरी देवी मंदिर बेरी का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि मंदिर के पीछे जमा कचरे के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है और धार्मिक स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि मंदिर के पीछे लंबे समय से जमा कचरे को तत्काल हटाया जाए और भविष्य में यहां कचरा डालने पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें नगर पालिका कार्यालय के बाहर कचरा डालकर विरोध जताना पड़ा।
नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता रोहित लोहचब ने बताया कि मंदिर के पीछे जमा कचरे को हटाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही टेंडर खोला जाएगा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद कचरा हटाने का काम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों और नवरात्र के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।